लंढौरा में एक ठेकेदार ने बदहाल सड़क को कागजों में पूरी तरह से तैयार कर भुगतान भी प्राप्त कर लिया जबकि मौके से सड़क गायब है। मामला सामने आया तो गुस्साए लोगों ने नगर पंचायत बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया।
मोहल्ला गडरयान के लोगों का कहना है कि वर्ष 2005 में राजेश के घर से शानू के घर तक सड़क बनाई गई थी। लोगों का कहना है कि कई साल से सड़क टूटकर गड्ढे बने हुए हैं। कई बार सड़क को बनाने की मांग की जा चुकी है लेकिन अब तक दोबारा सड़क नहीं बनाई गई। इसी मोहल्ले के जुल्फकार ने नगर में बनाई गई सड़कों की सूचना मांगी थी। नगर पंचायत की ओर से मिली सूचना में वर्ष 2022 में फिर से राजेश के घर से शानू के घर तक सड़क बनाना दर्शाया गया है।
सड़क निर्माण के लिए 158841 रुपये का भुगतान ठेकेदार को करना भी दर्शाया गया है जबकि लोगों का कहना है कि मौके पर किसी भी सड़क का निर्माण कार्य नहीं हुआ है। मामले की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोगों ने नगर पंचायत बोर्ड के खिलाफ प्रदर्शन किया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अनुभव शाह का कहना है कि उक्त मामले में अगर लिखित शिकायत मिलती है तो जल्द ही उक्त मामले में जांच की जाएगी। नगर पंचायत ईओ सुरेंद्र कुमार का कहना है कि सड़क निर्माण दूसरी जगह किया गया था। जेई ने गलती से कार्य को दूसरी जगह दर्शा दिया। इसी कारण सूचना में निर्माण भी दूसरी जगह दर्शा दिया गया। प्रदर्शन करने वालों में संजय पाल, सुरेश पाल, जुल्फकार, अशोक कुमार, आदेश, सुंदर, संजीव, सुदेश सुधेपाल, सचिन,लाला सिंह,मोनू, रवि, आदि लोग शामिल रहे।