भगवानपुर में गैस सिलिंडर लेने के लिए कई घंटे धूप में खड़े रहे उपभोक्ता। संवाद
कस्बे में सोमवार को घरेलू गैस सिलिंडर की आपूर्ति के दौरान उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। गर्मी और चिलचिलाती धूप के बावजूद गैस एजेंसी की गाड़ी के पास उपभोक्ताओं की लंबी कतारें लगीं रहीं। दोपहर तक लोग सिलिंडर मिलने के इंतजार में पसीने से तर-बतर नजर आए।
सोमवार सुबह 10 बजे से ही गैस सिलिंडर लेने के लिए कस्बे में उपभोक्ताओं की भीड़ जुटना शुरू हो गई थी। पारा चढ़ने के साथ ही लोगों की मुश्किलें भी बढ़ती गईं लेकिन लाइन कम होने का नाम नहीं ले रही थी। स्थिति यह थी कि दोपहर 12 बजे तक लोग धूप में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। 12 बजे के बाद ही धीरे-धीरे भीड़ छंटनी शुरू हुई और उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिल सकी।
उपभोक्ताओं ने बताया कि गैस एजेंसी वाहन के कर्मचारी मोबाइल से बुक की गई डीएसी कोड को अमान्य बता रहे हैं। दोबारा से एजेंसी से डीएसी कोड लेने में 1 से 2 घंटे का समय लग रहा है। कस्बे की एजेंसी पर भगवानपुर समेत आसपास के 15 से अधिक गांवों की जिम्मेदारी है। सिलिंडर की आपूर्ति के लिए हल्लूमाजरा, धीरमजरा, रुहालकी, दयालपुर, मानकमजरा, रायपुर, खानपुर और शाहपुर आदि ग्रामीण क्षेत्रों के हजारों लोग इसी एजेंसी पर निर्भर हैं। उपभोक्ता हितेश कुमार का कहना है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए एजेंसी को वितरण की व्यवस्था में सुधार करना चाहिए ताकि उपभोक्ताओं को घंटों धूप में खड़ा न होना पड़े।