हरिद्वार-हाईवे पर बिझौली कट स्थित अब्दुल कलाम चौक के पास देर रात दो बाइकों की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइकों पर सवार दो महिलाओं सहित चार लोग घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को रुड़की के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं, क्षतिग्रस्त वाहनों को पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने भेज दिया।
देर रात करीब 10:51 बजे पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। वहां दो बाइकें दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। पुलिस पूछताछ में पता चला कि एक बाइक पर विशाल और उनकी पत्नी मुन्नी निवासी एनएच-3, कोटला मुबारकपुर दिल्ली सवार थे। वहीं, दूसरी बाइक पर अनुज कुमार और उनकी 23 वर्षीय पत्नी संजू निवासी मोदीपुरम शुगर मिल, मेरठ सवार थे।
हादसे में चारों घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने तुरंत राहत कार्य करते हुए एंबुलेंस की मदद से घायलों को सरकारी अस्पताल भेजा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को सुरक्षा की दृष्टि से थाने लाकर खड़ा कर दिया। पुलिस का कहना है कि अभी किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।