यदि सब कुछ योजनाबद्ध तरीके से हुआ तो लक्सर और खानपुर की लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए हरिद्वार और रुड़की की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। शासन ने लक्सर में महिला महाविद्यालय को हरी झंडी दे दी है। आने वाले शिक्षण सत्र (2017-18) में संस्थान के अस्तित्व में आने की उम्मीद है।
लक्सर में राजकीय महिला महाविद्यालय नहीं होने से लड़कियों को आगे की पढ़ाई करने के लिए भारी परेशानियों को सामना करना पड़ता है। आर्थिक तंगी के चलते कई लड़कियां आगे की पढ़ाई नहीं कर पाती थी लेकिन, राजकीय महिला महाविद्यालय शुरू होने के बाद लड़कियों को उच्च शिक्षा के लिए क्षेत्र छोड़कर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। पिछले दिनों मुख्यमंत्री हरीश रावत को क्षेत्र के लोगों ने लक्सर में महिला महाविद्यालय का प्रस्ताव दिया था। 30 दिसंबर को शासन ने महिला महाविद्यालय को हरी झंडी दे दी है। मुख्य सचिव एस राधास्वामी ने इसके लिए जीओ जारी कर दिया है। शासनादेश में आगामी सत्र 2017-18 में महाविद्यालय का सत्र शुरू करने के आदेश दे दिए हैं।