गंगनहर क्षेत्र के शिवपुरी मोहल्ले में सोमवार की रात एक मकान पर कब्जे को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान दो पक्षों में लाठी डंडे चले। सूचना पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को कोतवाली ले आई। यहां भी देर रात तक दोनों में विवाद चलता रहा। बाद में पुलिस अधिकारियों के हस्तेक्षप पर दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
मेरठ निवासी एक व्यक्ति ने शिवपुरी मोहल्ले का मकान रुड़की निवासी एक व्यक्ति को बेच दिया, लेकिन उसे पूरा पैसा नहीं मिला था। निर्धारित समय पर पूरा पैसा नहीं देने पर दोनों में विवाद चल रहा था। सोमवार की रात दोनों पक्षों ने मकान पर ताला डाल दिया। एक पक्ष की ओर से ताला तोड़ने का प्रयास करने के बाद हंगामा शुरू हो गया। गालीगलौज से शुरू हुआ विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। इस बीच कुछ लोगों ने मौके पर खड़ी एक पक्ष की स्विफ्ट डिजायर कार को डंडों व पत्थर बरसाकर क्षतिग्रस्त कर दिया। दोनों पक्षों में लाठियां भी चलीं। तभी किसी ने गंगनहर पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद एसएसआई गंगनहर रणवीर सिंह चौहान मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों को कोतवाली लाया गया, जहां देर रात तक दोनों में विवाद चलता रहा। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप पर एक पक्ष ने पूरा पैसा अदा किया तब दूसरे पक्ष ने अपना ताला खोल दिया।