रुड़की नगर निगम में पत्रकारों से वार्ता करते मेयर गौरव गोयल।
- फोटो : ROORKEE
मेयर गौरव गोयल ने भाजपा ज्वाइन करने के दो दिन बाद मंगलवार को नगर निगम सभागार में प्रेसवार्ता की। उन्होंनेे कहा कि भाजपा में शामिल होना घर वापसी जैसा है। वह पिछले 20 साल से भाजपा से जुड़े हैं और पार्टी में उनकी पूरी निष्ठा है। इस दौरान उन्होंने कहा कि कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
पत्रकारवार्ता में मेयर गौरव गोयल ने कहा कि वह सात माह तक निर्दलीय मेयर रहे, लेकिन अब वह भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता बन गए हैं। अब शहर के विकास को और गति मिलेगी। शहर का चहुंमुखी विकास कराया जाएगा। विकास कार्यों में पूरी पारदर्शिता बरती जाएगी। गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक टेंडर की हिंदी भाषा में प्रतियां बनवाई गई हैं। यह प्रति हर उस क्षेत्र के लोगों को दी जाएगी, जहां पर भी विकास कार्य होगा ताकि लोग स्वयं ही कार्य की गुणवत्ता की जांच कर सकें। यदि कोई ठेकेदार मानकों की अनदेखी करता है तो उसकी शिकायत लोग सीधे उनसे या फिर निगम अधिकारियों से कर सकें। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पूरा होने पर सीबीआरआई या फिर आईआईटी से कार्य की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। यदि इस जांच में कोई कमी पाई जाती है तो ठेकेदार को ब्लैक लिस्ट किया जाएगा। नालों की सफाई का कार्य भी तेजी के साथ चल रहा है।