पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर पुलिस सघन चेकिंग अभियान चला रही है। पुलिस ने शुक्रवार रात को लक्सर नगर और शनिवार को सुल्तानपुर में वाहनों की जांच की। इस दौरान संदिग्धों से पूछताछ की गई।
दिल्ली ब्लास्ट के बाद उत्तराखंड में भी हाईअलर्ट जारी किया गया है। खुफिया विभाग से मिली जानकारी के बाद सूबे में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के आदेश पर सीओ नताशा सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण के नेतृत्व में शुक्रवार को आधी रात के समय पुलिस ने लक्सर में सघन चेकिंग की।
पुलिस ने हाईवे पर वाहनों की चेकिंग के साथ ही रेल ओवरब्रिज के नीचे, रेलवे स्टेशन और बस अड्डे के आसपास के इलाके में चेकिंग कर संदिग्धों से पूछताछ की। शनिवार को भी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में सुल्तानपुर में हरिद्वार हाईवे पर सघन चेकिंग की गई। इस दौरान वाहनों की तलाशी ली गई। चेकिंग के दौरान यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों के चालान भी किए गए। इंस्पेक्टर राजीव रौथाण ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।