रियल स्टेट कंपनी का दफ्तर खोलकर फ्लैट बुकिंग के नाम पर महिला समेत तीन लोगों ने एक व्यक्ति से लाखों की ठगी कर ली। इसके बाद कार्यालय बंद कर फरार हो गए। इतना ही नहीं तीनों ने पीड़ित के नाम से लोन पास करवा अपने हक में भुगतान भी करवा लिया। पीड़ित की तहरीर पर केस दर्ज कर पुलिस तीनों की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, तुषार जैन पुत्र राजशेखर जैन निवासी डी-14/1 टीडीआई सिटी रामनगर विहार फेज-2 सिविल लाइंस मुरादाबाद ने कुछ दिन पहले रुड़की के ब्रह्मपुर में फ्लैट के लिए ईशान इंपीरियल रियल स्टेट कंपनी के कार्यालय से संपर्क किया था। इसके बाद उन्होंने रुड़की पहुंचकर फ्लैट के रेट की जानकारी ली थी। रेट पता करने के बाद उन्होंने एडवांस में आठ लाख रुपये देकर फ्लैट बुक करवा दिया था। कंपनी ने उनके बुकिंग फ्लैट पर आवेदन कराकर बैंक से ऋण स्वीकृत कराने की बात कही। आरोप है कि धोखाधड़ी कर कंपनी के लोगों ने करीब 42 लाख रुपये का ऋण लेकर अपने नाम भुगतान करवा लिया।
इस संबंध में पता चला तो उन्होंने कंपनी कार्यालय से संपर्क किया, लेकिन मोबाइल नंबर बंद आया। उन्होंने रुड़की आकर जानकारी ली तो कंपनी का कार्यालय बंद मिला और यहां काम करने वाले लोग भी फरार थे। उन्होंने कंपनी के संबंध में जानकारी ली तो धोखाधड़ी का पता चला। पीड़ित ने रविवार को सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चंदन श्रीवास्तव निवासी सी-23 सेक्टर 13 वसुंधरा, जिला गाजियाबाद, राजन श्रीवास्तव और रजनी श्रीवास्तव के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।