-25 लघु व्यापारियों के काटे गए चालान
-कांवड़ यात्रा को देखते हुए चलाया गया अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को फुटपाथ पर रेहड़ी लगाकर फल-सब्जी और अन्य सामान बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। टीम ने फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को वहां से हटा दिया। साथ ही उनके चालान भी काटे। इस दौरान लघु व्यापारियों और नगर निगम की टीम के बीच नोकझोंक भी हुई।
कांवड़ यात्रा शुरू होने वाली है। इसको लेकर सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर तैयारियों में जुटे हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर अतिक्रमण परेशानी न बने। इसको लेकर बृहस्पतिवार को कांवड़ पटरी मार्ग पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नगर निगम कार्यालय के सामने गंगनहर किनारे बने फुटपाथ पर अतिक्रमण कर फल एवं अन्य सामान बेचने वालों की नगर निगम की टीम ने जमकर खबर ली। टीम ने फुटपाथ पर लगी सभी रेहड़ियों को हटवा दिया।
सहायक नगर आयुक्त एसपी गुप्ता ने बताया कि फुटपाथ पर रेहड़ी खड़ी हो जाने से पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं बचती है। इसी के चलते रेहड़ी वालों को वहां से हटाया गया है। उन्होंने बताया कि अभियान दौरान अतिक्रमण करने वाले 25 रेहडी वालों पर कार्रवाई की गई। इन पर 12 हजार रुपये का जुर्माना भी ठोका गया है। टीम में विपिन शर्मा, अमन कश्यप, सागर शर्मा, सूर्य मोहन, विपुल गर्ग व गौतम वेद आदि शामिल रहे।