रुड़की। कृष्णानगर में खाली पड़ी जमीन पर चल रहे पार्क निर्माण कार्य को लंढौरा चेयरमैन ने रुकवा दिया। इस बीच मौके पर जमकर हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसके बाद चेयरमैन ने गंगनहर कोतवाली प्रभारी से मामले की शिकायत की। साथ ही मामले में कार्रवाई की मांग की।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित कृष्णानगर में एक खाली पड़ी जमीन पर नगर निगम की ओर से पार्क का निर्माण कार्य करवाया जा रहा है। पार्क की जमीन पर लंढौरा चेयरमैन शहजाद खान अपना हक जता रहे हैं। मंगलवार को जमीन को साफ करने के लिए जेसीबी मशीन चल रही थी। इसकी सूचना लंढौरा चेयरमैन को मिली तो वह मौके पर पहुंच गए और जेसीबी को बंद करवाकर कार्य रुकवा दिया। इस बीच लोगों की भीड़ भी जमा हो गई और हंगामा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसके बाद लंढौरा चेयरमैन गंगनहर कोतवाली पहुंचे और इंस्पेक्टर मनोज मैनवाल से मुलाकात की। आरोप लगाया कि एक पार्षद प्रतिनिधि ने मामले में दस लाख रुपये की मांग की है और जान से मारने की धमकी दी है। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी ने मामले में जांच करने की बात कही। साथ ही विवाद न करने की बात कही।