भुरनी खतीरपुर गांव में स्थित बहुउद्देशीय मोहम्मदपुर बुजुर्ग किसान सेवा सहकारी समिति के चेयरमैन और निदेशकों ने समिति के एमडी पर मनमानी करने और रोजाना ड्यूटी पर न पहुंचने का आरोप लगाते हुए समिति के बाहर जमकर हंगामा किया। इसके बाद उन्होंने जिलाधिकारी व एसडीएम से भी मामले की शिकायत की।
बृहस्पतिवार को बहुउद्देशीय मोहम्मदपुर बुजुर्ग किसान सेवा सहकारी समिति की चेयरमैन करिश्मा देवी के नेतृत्व में निदेशक मदन शर्मा, नसीम, विश्वास, करण, यशोदा, रजनीश कुमार, राजपाल, रफल सिंह और सतपाल आदि ने समिति के बाहर पहुंचकर एमडी पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि एमडी रोजाना समिति में अपनी ड्यूटी पर नहीं आते हैं। इसकी वजह से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना था कि पिछले दिनों सरकार की ओर से शून्य ब्याज पर किसानों को ऋण दिए जाने की घोषणा की गई थी, लेकिन वह भी ऋण पात्र किसानों को नहीं दिया गया है। एमडी के नियमित कार्यालय पर न आने के चलते किसान न तो नया ऋण ले पा रहे हैं और न ही अपना पुराना ऋण जमा कर पा रहे हैं। उन्होंने इस बाबत एसडीएम शैलेंद्र सिंह नेगी व जिलाधिकारी को भी शिकायत की। हंगामे के चलते समिति कार्यालय पर कुछ देर डीएपी खाद का वितरण भी प्रभावित हुआ। मामले में एमडी विपिन कुमार का कहना है कि उनके पास समिति के एमडी का अतिरिक्त चार्ज है। उन्हें काम के लिए मुख्यालय भी जाना पड़ता है। उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं।