मुकर्रबपुर की नई बस्ती से कब्रिस्तान तक हो रहा निर्माण, वार्डवासियों ने जताया विरोध
पिरान कलियर। नगर पंचायत पिरान कलियर के मुकर्रबपुर स्थित वार्ड नंबर पांच में नई बस्ती से कब्रिस्तान तक बनाई जा रही सीसी सड़क का निर्माण कार्य विवादों में घिर गया है। आरोप है कि ठेकेदार जलभराव और कीचड़ के बीच ही निर्माण सामग्री डालकर सड़क बनवा रहा है। इस पर वार्डवासियों ने विरोध जताते हुए निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं। स्थानीय निवासी कुर्बान का आरोप है कि ठेकेदार निर्माण मानकों की अनदेखी कर पानी और कीचड़ के बीच ही सड़क निर्माण करा रहा है। उनका कहना है कि जब शुरुआत से ही निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है तो सड़क की मजबूती और टिकाऊपन पर सवाल उठना लाजमी है। उन्होंने मांग की कि पहले सड़क से पानी की निकासी कराई जाए और कीचड़ सूखने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। कुर्बान ने आरोप लगाया कि इस संबंध में नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) से भी शिकायत की गई है लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नही हुई। वार्डवासियों ने नगर पंचायत अधिकारियों से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य की जांच कराने और निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क बनवाने की मांग की है। वहींं, ईओ कुलदीप सिंह चौहान ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, ठेकेदार को बोला गया है कि गुणवत्ता के साथ सड़क बनाई जाए।