जमदग्नि पब्लिक स्कूल में आयोजित चार दिवसीय सीबीएसई क्लस्टर-19 वॉलीबॉल चैंपियनशिप का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में करीब 2500 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग कर खेल प्रतिभा, अनुशासन और टीम भावना का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग में एम पब्लिक स्कूल, बादलपुर ने प्रथम और महाराजा सूरजमल स्कूल, शामली ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-17 वर्ग में भी एम पब्लिक स्कूल, बादलपुर प्रथम रहा, जबकि कृष्णा पब्लिक स्कूल, मेरठ ने दूसरा स्थान हासिल किया।
भगवती विद्यालय, देहरादून ने भी शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली विजेता टीमें हिमाचल प्रदेश के कसौली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप में प्रतिभाग करेंगी। समापन समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष ओमप्रकाश जमदग्नि ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और एकता की भावना विकसित करते हैं।
प्रधानाचार्या मीनू शर्मा ने खिलाड़ियों, कोचों और मैनेजरों को बधाई देते हुए खेलों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। आयोजन सचिव सुमित ठाकुर ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले विद्यालयों, खिलाड़ियों, निर्णायकों और आयोजन समिति का आभार जताया। इस अवसर पर सीबीएसई पर्यवेक्षक सुशील त्यागी, तकनीकी प्रतिनिधि दीपक राणा और अजय चौहान सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे।