गवानपुर क्षेत्र के मंडावर चेक पोस्ट पर चेकिंग के दौरान पकड़े गए नोटों की गिनती करती पुलिस।
- फोटो : ROORKEE
पुलिस ने मंडावर चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान अलग-अलग दो कारों से करीब पांच लाख रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस ने नकदी संबंधी कागजात दिखाने की बात कही तो दोनों में से कोई कुछ नहीं दिखा पाया। इस पर सेक्टर मजिस्ट्रेट ने नकदी कब्जे में ले ली।
चुनाव को देखते हुए बॉर्डरों पर वाहनों की सघन चेकिंग की जा रही है। पुलिस बाहरी राज्यों से आने वाले सभी वाहनों की गहनता से तलाशी ले रही है। सोमवार देर शाम एसओ पीडी भट्ट और स्टेटिक सर्विलांस टीम के प्रभारी योगेंद्र सिंह तोमर मंडावर पुलिस चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस बीच पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली। कार से एक लाख 99 हजार रुपये की नकदी बरामद हुई। पुलिस ने कार चालक चौलीशहाबुद्दीनपुर निवासी सोनू से नकदी से संबंधी कागजात दिखाने की बात कही लेकिन वह कुछ नहीं दिखा पाया। इस पर टीम ने नकदी को कब्जे में ले लिया।
वहीं, मंगलवार सुबह पुलिस मंडावर पुलिस चेकपोस्ट पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस बीच छुटमलपुर की ओर से एक कार आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रोककर तलाशी ली। इस बीच कार से दो लाख 81 हजार 650 रुपये बरामद हुए। कार सवार राघव निवासी प्रेमवाटिका कालोनी, थाना सदर जिला सहारनपुर से नकदी संबंधी कागजात मांगे गए लेकिन वह भी कुछ नहीं दिखा पाया। एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि नकदी को सेक्टर मजिस्ट्रेट के सुपुर्द कर दिया गया है।