दाबकी खेड़ा गांव निवासी एक व्यक्ति के प्रार्थनापत्र पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के आदेश पुलिस को दिए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर थाना क्षेत्र के दाबकी खेड़ा गांव निवासी एकाम अली ने कोर्ट को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि वह एक मजदूर है। इसी वर्ष 9 सितंबर सुबह लगभग 9 बजे वह बूक के जंगल में अन्य लोगों के साथ मजदूरी करने जा रहा था। जब वह गांव से एक किलोमीटर दूर पुलिया के पास पीपल के पेड़ के पास पहुंचा तो वहां पहले से ही घात लगाए सरदार अली, शमशाद अली, महकार अली, शहरान अली ने एकदम सामने आकर उसे पकड़ लिया और गाली-गलौज करते हुए उसपर फायर झोंक दिया।
निशाना चूकने की वजह से वह बच गया। इसके बाद चारों ने उसपर चाकुओं से हमला कर दिया। इससे उसके सिर, सीने व पेट में घाव हो गए। इसके बाद उन्होंने उसका गला घोंटा जिसके कारण वह बेहोश होकर गिर गया। वह उसे मरा हुआ समझकर मौके से भाग गए। आरोप है कि खानपुर पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। मामले में कोर्ट ने सुनवाई करते हुए खानपुर पुलिस को मुकदमा दर्ज करने के आदेश दिए थे। खानपुर एसओ धर्मेंद्र राठी ने बताया कि चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।