लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर टैंपो ट्रैवलर वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों के घायल हो जाने की घटना में पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस वाहन चालक की पहचान कर रही है।
कोतवाली क्षेत्र के गंगदासपुर गांव निवासी सत्यम ने तहरीर में बताया कि उनका भाई दीपांशु अपने साथी शिवम के साथ 8 अक्तूबर को सुबह करीब सात बजे बाइक से धारीवाला गांव से गंगदासपुर आ रहे थे। लक्सर-हरिद्वार हाईवे पर जब वह जनता इंटर काॅलेज के पास पहुंचे तभी एक टैंपो ट्रैवलर चालक ने तेजी और लापरवाही से यू टर्न लेते हुए उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय अस्पताल लाया गया। वहां से गंभीर हालत में उन्हें महंत इंदिरेश हाॅस्पिटल देहरादून रेफर कर दिया गया। जहां अब तक उनका उपचार चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर चालक की पहचान की जा रही है। संवाद