युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर दो नामजद युवकों और अन्य अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
शनिवार को अकौढा खुर्द गांव निवासी अनुज कुमार पड़ोसी गांव स्थित मुंडाखेड़ा गांव कुछ सामान लेने के लिए जा रहा था। इस बीच रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया था और गाली-गलौज कर दी थी। विरोध करने पर युवकों ने मारपीट कर दी थी। अनुज ने भागने का प्रयास किया तो युवकों ने गोली मार दी थी। गोली उसकी पीठ में जा लगी थी और वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया था।
गोली की आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। लोगों ने सूचना अनुज के परिजनों को दी थी। परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। वहां से उसे डॉक्टरों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया था। इस मामले में अनुज के भाई अर्जुन कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर विशाल व कार्तिक निवासी गांव मुंडाखेड़ा और अन्य के खिलाफ तहरीर दी है। कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।