कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना गांव में पुरानी रंजिश के कारण दबंगों ने घर में घुसकर एक युवक पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने युवक की मां और बहन के साथ अभद्र व्यवहार किया। जाते समय तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी दी। घायल युवक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के मुंडलाना निवासी आस मोहम्मद उर्फ छोटा ने दी तहरीर में बताया कि छह जून की सुबह करीब 8 बजे उसका पुत्र परवेज खेत पर जाने की तैयारी कर रहा था। आरोप है कि तभी पड़ोसी मय्यूर, आवेद, जावेद, अकरम और शोएब ने घर में घुसकर परवेज पर हमला बोल दिया।
पीड़ित पिता का आरोप है कि हमलावरों ने परवेज को लाठी-डंडों और फावड़े जैसे धारदार हथियारों से लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने अपनी छतों से उनके घर पर ईंटें भी बरसाईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग जमा हुए तो आरोपी तमंचा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। आस मोहम्मद ने बताया कि उन्होंने गंभीर रूप से घायल पुत्र को आनन-फानन में मंगलौर अस्पताल पहुंचाया।
वहां से प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल वहां उसका उपचार चल रहा है। पीड़ित पिता ने बताया कि घटना के बाद से उनका पूरा परिवार दहशत में है और मानसिक तनाव झेल रहा है। कोतवाल भगवान सिंह मेहर ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी गय्यूर, आवेद, जावेद, अकरम व शोएब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।