रंजिश के कारण आरोपियों ने एक युवक पर हमला करके उसे घायल कर दिया। आरोपियों ने युवक पर जान से मारने की नीयत से फायर भी किया। गनीमत रही कि गोली लगने से युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर दो महिलाओं समेत आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के ब्रह्मपुर जट्ट निवासी जिले सिंह ने न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 30 अगस्त को पुत्र आदित्य शाम के समय दुकान से सामान लेने गया था। इसी दौरान आरोपियों ने उसके पुत्र को पकड़ लिया और लाठी-डंडों से हमला करके घायल कर दिया। एक आरोपी ने पुत्र पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर भी किया जिसमें वह बाल-बाल बच गया। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर रजत उर्फ अर्जुन, बंसीलाल, चुन्नी, सूरज, सौरभ, बादल, रजनी और सलोचना निवासी ब्रह्मपुर जट्ट कोतवाली मंगलौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।