रुड़की। एचआरडीए के अधिशासी अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने बिना मानचित्र पास कराए और प्राधिकरण की सील को तोड़कर भवन निर्माण कर रहे एक भवन स्वामी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। साथ ही बिना अनुमति के भवन निर्माण कराने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र स्थित जादूगर रोड पर एक भवन निर्माण कार्य चल रहा था। बिना मानचित्र के भवन निर्माण की शिकायत पर एचआरडीए की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे सील कर दिया था। कुछ दिन बाद भवन स्वामी ने सील तोड़ दी और निर्माण कराना शुरू कर दिया था। इस पर अधिकारियों ने दोबारा उसे सील कर दिया। इसके बाद मई में भवन स्वामी ने तीसरी बार सील तोड़ दी और निर्माण कराना शुरू कर दिया था। शिकायत पर एचआरडीए के सचिव हरबीर सिंह और अधिशासी अभियंता पंकज पाठक सहकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और भवन निर्माण न कराने की चेतावनी दी। इसके बाद भी भवन निर्माण कार्य जारी होता रहा। अधिशासी अभियंता का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बाद भी भवन स्वामी नहीं माना फलस्वरूप मंगलवार को भवन स्वामी के खिलाफ तहरीर दी गई। कोतवाली प्रभारी राजेश साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर जादूगर रोड निवासी इलेक्ट्रॉनिक्स व्यापारी संजय भाटिया के खिलाफ सरकारी आदेशों का उल्लंघन करने की धारा में केस दर्ज कर लिया है। साथ ही भवन स्वामी को निर्माण करवाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
फोटो समाचार
अवैध निर्माण के खिलाफ कसा शिकंजा
दो व्यवसायिक कॉप्लेक्स अवैध निर्माण किए गए सील
शहर में अवैध निर्माण के खिलाफ चलाया गया अभियान
माई सिटी रिपोर्टर
रुड़की। हरिद्वार रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान में तेजी लाते हुए मंगलवार को शहर में ताबड़तोड़ कार्रवाई की। इस दौरान दो स्थानों पर नियम विरुद्ध बनाए जा रहे बहुमंजिला भवनों को सील कर दिया गया। प्राधिकरण के अधिकारी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अवैध निर्माणों को सील करने में जुट गए हैं।
एचआरडीए के उपाध्यक्ष दीपक रावत के निर्देश पर इन दिनों अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान तेज किया गया है। मंगलवार दोपहर सचिव हरवीर सिंह के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम ने सिविल लाइंस सहित कई क्षेत्रों में अवैध निर्माणों के विरुद्ध अभियान चलाया। इस दौरान हरिद्वार रोड पर स्थित एक बहुमंजिला व्यवसायिक कांप्लेक्स में चल रहे निर्माण कार्य को अवैध मानते हुए सील कर दिया गया। सचिव हरवीर सिंह ने बताया कि यह निर्माण निर्धारित नियमों के विपरीत किया जा रहा था। वही सिविल लाइंस में बन रहे एक बहुमंजिला भवन को ही सील कर दिया गया। उन्होंने बताया कि शहर भर में अलग-अलग टीमें बनाकर अवैध निर्माणों को चिह्नित किया जा रहा है। अवैध निर्माण करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई करने वाली टीम में सहायक अभियंता डीएस रावत और अवर अभियंता बलराम सिंह, शिशुपाल राणा, राघवराम और सुपरवाइजर रवि आदि शामिल थे।