पिरान कलियर। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर गंगनहर में डूबे युवक की मौत के मामले में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि चारों युवकोंं ने हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया था।यूपी के मुरादाबाद के जाहिदनगर करूला थाना कटघर निवासी राजू ने न्यायालय में पत्र दिया। उन्होंने बताया कि उसका बेटा समीर एक अप्रैल को मोहम्मद सत्तार, आदील, मोहम्मद उवेश और मोहम्मद वसीम निवासी मुरादाबाद के साथ साबिर पाक की जियारत करने के लिए कलियर आया था। दो अप्रैल को चारों ने पड़ोस में रहने वाली एक युवती को बताया कि समीर कलियर गंगनहर में डूब गया है। इसके बाद परिजनों को इसका पता चला तो वह कलियर गंगनहर में समीर की तलाश करने पहुंचे। लेकिन उसका पता नहीं चला। परिजनों ने उसके साथियों से पूछताछ की। उन्होंने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। शिकायत पर गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने समीर का शव गंगनहर से खोज लिया। आरोप है कि उसके साथियों ने उसके बेटे की हत्या कर शव को गंगनहर में फेंक दिया है। बताया कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तो 14 अप्रैल को एसएसपी हरिद्वार को भी पत्र दिया। अब कोई कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। थाना प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया है कि न्यायालय के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।