नगर निगम क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से चलाए गए विशेष जांच अभियान में खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच रेस्टोरेंट और एक डेयरी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। विभाग की ओर से यह कार्रवाई लगातार नोटिस देने और सुधार के लिए पर्याप्त समय उपलब्ध कराने के बावजूद संतोषजनक जवाब न मिलने पर की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुछ माह पूर्व नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न रेस्टोरेंट, डेयरी और अन्य खाद्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, भंडारण व्यवस्था, फूड लाइसेंस, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाणपत्र, साफ-सफाई और रिकॉर्ड रखरखाव से संबंधित दस्तावेजों की जांच की गई थी। निरीक्षण में कई प्रतिष्ठानों में गंभीर खामियां सामने आईं थीं।
विभाग ने संबंधित संचालकों को नोटिस जारी कर निर्धारित अवधि के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी तीन माह के भीतर कई बार नोटिस और चेतावनी देने के बावजूद संबंधित प्रतिष्ठानों की ओर से आवश्यक सुधार नहीं किए गए। साथ ही विभाग को संतोषजनक जवाब भी उपलब्ध नहीं कराया गया। खामियों को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ओर से एडीएम कोर्ट में छह खाद्य कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक व्यवस्थाओं में खामियां मिलीं थीं। संबंधित संचालकों को बार-बार नोटिस देकर सुधार का अवसर दिया गया लेकिन निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं की गईं। इसके कारण कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। -योगेंद्र पांडे, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी