मृतक के भाई ने पांचों पर लगाया लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप
रविवार सुबह की घटना, घायल युवक की उपचार के दौरान हुई थी मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
रुड़की। पुलिस ने घायल युवक की उपचार के दौरान मौत होने के मामले में पांच लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव का पोस्टमार्टम करवाया।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र स्थित शक्ति विहार निवासी अमर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रविवार की सुबह करीब साढ़े आठ बजे उनका भाई दीपक शोर सुनकर घर के बाहर आया था। जहां उसने देखा कि नरेश और उसके चार बेटे रोहित, रजत, संजू, दीप और नरेश पड़ोसी शिवम के साथ मारपीट कर रहे थे। इस पर दीपक ने शिवम को बचाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इस पर पांचों ने दीपक पर लाठी-डंडों और ईंट से हमला कर दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को रुड़की सिविल अस्पताल में ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद घर भेज दिया। लेकिन रास्ते में ही दीपक की फिर से तबीयत बिगड़ गई। इस पर वह दोबारा दीपक को अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उपचार के दौरान दीपक की मौत हो गई। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पांचों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस ने मृतक के परिजनों को समझाकर पोस्टमार्टम कराया गया है।