जमीन के सौदे के नाम पर धोखाधड़ी का एक और मामला कस्बे में सामने आया है। आरोपी ने खुद को प्लॉट का मालिक बताकर न केवल लाखों की नकदी ऐंठ ली बल्कि पीड़ित की कार भी हड़प ली। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चुड़ियाला मोहनपुर निवासी मामू कुमार ने मंगलवार को मंगलौर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने नौशाद निवासी शिकारपुर के साथ गांव मोहनपुरा में 1200 वर्ग फुट के एक प्लॉट का सौदा 36 लाख रुपये में तय किया था। पीड़ित ने 13 मई 2025 को आठ लाख रुपये नकद बतौर बयाना दिए। इसकी नोटरी रसीद भी बनवाई गई।
इसी दौरान पीड़ित की कार का सौदा भी नौशाद के साथ 26 लाख रुपये में हुआ। तय यह हुआ कि 8 लाख रुपये काटकर बाकी की किस्त नौशाद चुकाएगा। पीड़ित का आरोप है कि कार लेने के बाद नौशाद ने एक भी किस्त जमा नहीं की जिसके कारण पीड़ित ने अपनी बैंक सिबिल बचाने के लिए खुद ही 32-32 हजार की चार किस्तें भर दीं।
आरोप है कि जब प्लॉट के कागजात की जांच की तो पता चला कि उक्त प्लॉट का असली मालिक पवन कुमार है और नौशाद का उस जमीन से कोई कानूनी लेना-देना भी नहीं है। आरोप है कि जब 23 अक्तूबर 2025 को पीड़ित ने नौशाद से अपने पैसे और कार वापस मांगी तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि नौशाद ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि यदि दोबारा पैसे या कार मांगी तो अंजाम बुरा होगा। मौके पर मौजूद गवाहों ने किसी तरह बीच-बचाव कर पीड़ित की जान बचाई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है। इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह ने बताया कि आरोपी नौशाद निवासी शिकारपुर कोतवाली मंगलौर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।