इकबालपुर गन्ना समिति के खाद गोदाम की करोड़ों की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। किसानों ने जमीन की पैमाइश कर चहारदीवारी करवाने की मांग की है।
इकबालपुर स्थित गन्ना समिति के खाद गोदाम के पास लगभग 25 बीघा जमीन है। गन्ना समिति का यह सबसे बड़ा खाद गोदाम होने की वजह से क्षेत्र के सुनेहटी, कुंजा बहादुरपुर, बेहडे़की, माजरा, देवपुर, मोलना, खजूरी व डेलना समेत कई गांव के लोग यहां से यूरिया, डीएपी व एनपीके आदि उर्वरक लेने आते हैं। खाद लेते समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों, ट्रैक्टर-बोगी व अन्य वाहनों की भीड़ जमा हो जाती है। इसके लिए बड़ी जगह की जरूरत पड़ती है।
गोदाम के पास वैसे तो लगभग 25 बीघा जमीन है, लेकिन जमीन की चहारदीवारी न होने से पड़ोस के लोगों ने कब्जा कर लिया है। अब मौके पर केवल 17 बीघा जमीन ही शेष बची है। किसान संजय, बिजेंद्र सिंह और अरुण सैनी ने खाद गोदाम की जमीन की पैमाइश करवाकर जमीन की चहारदीवारी करवाने की मांग गन्ना समिति के अध्यक्ष से की है। इकबालपुर गन्ना समिति के डिप्टी प्रदीप कुमार वर्मा ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में अभी आया है। समिति बोर्ड की बैठक में गोदाम की जमीन का मामला उठाया जाएगा और जमीन की पैमाइश भी कराई जाएगी।