मोबाइल फोन पर आए मैसेज के लिंक पर क्लिक करते ही एक युवक के बैंक खाते से 1.70 लाख रुपये निकल गए। हालांकि समय रहते शिकायत दर्ज कराने पर साइबर क्राइम सेल ने इनमें से 68 हजार रुपये होल्ड करा दिए। पीड़ित ने लक्सर कोतवाली में मामला दर्ज कराया है।
लक्सर कोतवाली के दाबकी कलां गांव निवासी अभिषेक पंवार ने पुलिस को बताया कि चार अगस्त को उसके मोबाइल फोन पर टेलिग्राम अकाउंट पर एक मैसेज आया था। उसने मैसेज को देखने के लिए जैसे ही उस पर क्लिक किया तो उसके बैंक खाते से पैसे निकलना शुरू हो गए। अभिषेक के अनुसार आठ बार में उसके खाते से 1.70 लाख की रकम निकल गई। उसने तत्काल मामले की शिकायत साइबर क्राइम सेल को की थी। इसके बाद एक खाते में 68 हजार रुपये होल्ड करा दिए गए। अभिषेक ने पुलिस से निकाली गई रकम वापस दिलाने और कार्रवाई करने की मांग की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है।