सिंचाई विभाग की कालोनी में चोरों ने दिन दहाड़े एक जेई का मकान खंगाल दिया। चोरों ने ताला तोड़कर हजारों की नकदी जेवर व सामान पर हाथ साफ कर दिया। जेई अनिल त्यागी बृहस्पतिवार शाम जब देहरादून से लौटे तो ताला टूटा मिला। पुलिस चोरी की जांच कर रही है।
सिंचाई विभाग में जेई अनिल त्यागी का परिवार नहर किनारे विभागीय कॉलोनी में रहता है। उनकी पत्नी बेटी को लेकर कोचिंग के सिलसिले में कोटा राजस्थान गई थी। बृहस्पतिवार की सुबह विभागीय काम से उन्हें देहरादून जाना पड़ा। इस बीच चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और जेवर गायब कर दिए। शाम के समय जब अनिल त्यागी घर लौटे तो गेट का ताला टूटा मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। आसपास के लोगों से भी घटना की जानकारी जुटाई। पड़ोसियों को भी दिन दहाड़े हुई चोरी की भनक नहीं लगी। कालोनी में इससे पहले भी कई चोरियां हो चुकी हैं। वहीं गंगनहर कोतवाली प्रभारी जवाहर लाल ने बताया कि घटना की तहरीर नहीं मिली है, जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।