क्षेत्र में दो दिन पहले बारिश और ओलावृष्टि से कई गांवों में गेहूं, सरसों और आम की फसल को नुकसान पहुंचा है। आम को सबसे अधिक क्षति हुई है। किसानों ने मुआवजे की मांग की है।
क्षेत्र के ग्राम तेलपुरा के किसान कुशलपाल चौहान, कमल चौहान, मेघपाल सैनी एवं गोकुलवाला गांव के किसान मुहम्मद असलम, कादिर और तनवीर सहित कई किसानों ने बताया कि इस वर्ष उन्हें गेहूं, सरसों और आम की अच्छी पैदावार की उम्मीद थी लेकिन अचानक आई तेज हवाओं और ओलावृष्टि ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसानों का कहना है कि तेज हवाओं और ओलों के कारण खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल कई जगह गिर गई है। इससे पैदावार प्रभावित होने की आशंका है। वहीं आम के बागों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। तेज हवाओं और ओलों की वजह से आम के पेड़ों पर लगे छोटे-छोटे आम और मंजरियां बड़ी संख्या में जमीन पर गिर गईं जिससे इस साल आम की पैदावार पर गंभीर असर पड़ने की संभावना है। ग्रामीण किसानों ने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित क्षेत्रों का जल्द सर्वे कराया जाए और किसानों को हुए नुकसान का आकलन कर उचित मुआवजा दिया जाए ताकि उन्हें कुछ राहत मिल सके।