बुग्गावाला रोड से डांडा-बनवाला मार्ग बदहाल। संवाद
बुग्गावाला रोड से गांव डांडा और बनवाला को जोड़ने वाला दो किलोमीटर का मार्ग इन दिनों बदहाल पड़ा है। सड़क की जर्जर हालत के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डांडा, बनवाला, बंजारेवाला और मनोहरपुर समेत आसपास के कई गांवों के लोग इसी रास्ते से रोजाना आवागमन करते हैं।
इस मार्ग पर कई तीखे मोड़ भी है और लगभग हर मोड़ पर सड़क उखड़ चुकी है। कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं जिससे दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। अचानक ब्रेक लगाने या वाहन संभालने में संतुलन बिगड़ने पर बाइक सवार अक्सर फिसलकर गिर जाते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ समय में कई लोग इस सड़क पर गिरकर घायल हो चुके हैं।
गांव डांडा निवासी अनिल राणा, सुनील राणा और पूरन चौहान व गांव बनवाला के लवी सैनी, अनिल सैनी, अरविंद सैनी, महेंद्र कुमार और मोनू कुमार ने बताया कि यह सड़क करीब 15 साल पहले बनाई गई थी। इसके बाद से केवल औपचारिक मरम्मत ही की गई है। वर्तमान में सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि कई स्थानों पर पूरी परत उखड़कर गड्ढों में बदल गई है। ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन बाइक सवार गिरकर चोटिल हो रहे हैं लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।