बीआरओ जवान की पत्नी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव कमरे में पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के कर्नल एन्क्लेव निवासी सचिन हिमाचल में बीआरओ के पद पर तैनात हैं। उनकी पत्नी मीनाक्षी अपने दो बच्चों के साथ यहां रहती है। रविवार की दोपहर को घर पर मीनाक्षी के परिजन आए हुए थे। इसी दौरान मीनाक्षी कमरे में गई और दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई तो परिजन कमरे के बाहर पहुंचे और आवाज लगाई। मगर कमरे से कोई आवाज नहीं आई। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का दरवाजा तोड़ा तो मीनाक्षी का शव पंखे के सहारे फंदे से लटका मिला। इसके बाद पुलिस ने शव उताकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भेज दिया। कोतवाली प्रभारी मनोज मैनवाल ने बताया कि मामले में अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है।