भगवानपुर। क्षेत्र के ग्राम मोहितपुर के निकट एसी के गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की एसी चोरी कर ली। पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
भगवानपुर क्षेत्र के ग्राम मकखनपुर निवासी नसीम कारोबारी ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह कस्बे के पास एसी, फ्रीज आदि सामान बेचने का कारोबार करता है। उसने क्षेत्र के ग्राम मोहितपुर के निकट एक गोदाम किराए पर लेकर एसी भर रखी है। शुक्रवार की रात लगभग तीन बजे स्कार्पियो से आए चोरों ने गोदाम पर पहुंचकर गोदाम का ताला तोड़कर उसमें रखी सात एसी चोरी कर ली और फरार हो गए। जैसे ही कुछ ग्रामीणों को भनक लगी तो चोरों की स्कार्पियो को पकड़ने के लिए काफी दूर तक पीछा किया, लेकिन चोर क्षेत्र के ग्राम सिकंदरपुर के निकट जंगलों के रास्तों से फरार हो गये। वहीं पीड़ित कारोबारी नसीम ने घटना की तहरीर पुलिस को देकर कार्रवाई करने की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है।