रुड़की। मंगलवार की सुबह आठ बजे विभिन्न ब्लाकों में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना का काम शुरू हुआ। जैसे-जैसे वोटों का पिटारा खुलता रहा, वैसे-वैसे हार और जीत का अंतर भी बढ़ता-घटता गया। देर शाम तक 60 से अधिक ग्राम प्रधान पदों के परिणामों की घोषणा तो हो गई, लेकिन जिला पंचायत सीटों पर परिणाम जानने के लिए देर रात तक इंतजार होता रहा। सबसे पहले रुड़की ब्लॉक की दौलतपुर जिला पंचायत सीट पर परिणाम प्राप्त हुए। यहां निर्दलीय भूप सिंह नेगी ने जीत दर्ज की।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव की मतगणना का काम रुड़की, लक्सर, भगवानपुर, नारसन, खानपुर और बहादराबाद में सुबह आठ बजे मतगणना का काम शुरू हुआ। पहले करीब डेढ़ घंटे तक मतगणना बेहद धीमी रही। शाम सात बजे तक तीन चरणों की मतगणना का काम पूरा कर लिया गया। जिसमें ग्राम प्रधानों की 60 सीटों पर परिणामों की घोषणा की जा चुकी थी। लेकिन, जिला पंचायत सीटों पर अधिकृत तौर पर एक भी सीट पर परिणाम की घोषणा नहीं की गई। इसे लेकर प्रत्याशियों और मतदाताओं में बेचैनी का माहौल साफ देखा गया।
रुड़की ब्लॉक की जिला पंचायत सीट पर सबसे पहला रुझान दौलतपुर सीट पर मिला। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि इस सीट पर भूप सिंह को 3351, शकील अहमद को 3216 और शहीद हसन को 3186 मत प्राप्त हुए हैं। वहीं जिला पंचायत चुनाव अधिकारी एसएस शर्मा ने बताया कि दौलतपुर सीट सहित अन्य सीटों पर रुझान अंतिम नहीं है। अंतिम रुझान के बाद जिलाधिकारी की अनुमति से अधिकृत परिणाम घोषित किए जाएंगे।
एक सीट पर जीत को तीन गांवों में जश्न का माहौल
रुड़की ब्लॉक की दौलतपुर जिला पंचायत सीट पर तीन प्रत्याशियों में कड़ा मुकाबला चलता रहा। जिसके चलते यहां मुकाबले में रहे तीनों प्रत्याशियों के गांवों में जीत का जश्न मना। लोगों ने ढोल नगाड़ों की थाप पर खुशी का इजहार किया। साथ ही मिठाइयां बांटकर और फूल माला पहनाकर जीत का जश्न मनाया। इस दौरान भूप सिंह के गांव दौलतपुर में तो शकील अहमद के गांव बढेड़ी राजपुतान और शहीद हसन के गांव रहमतपुर में ढोल नगाडे़ बजाकर खुशी मनाई गई।