थाने के बाहर नाले में एक युवक का शव मिलने से मौके पर भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने शव बाहर निकाल कर इसकी पहचान पौड़ी गढ़वाल निवासी युवक के रूप में की। मामला हत्या का है या फिर हादसे का पुलिस इसकी जांच पड़ताल में जुट गई है।
भगवानपुर थाने के बाहर स्थित नाले में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे एक व्यक्ति को अचानक शव दिखाई दिया। इसे देखते ही उसने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस तुरंत थाने से बाहर निकली और शव बाहर निकलवाया। मौके पर जुटी भीड़ की मदद से पुलिस ने मृतक की शिनाख्त प्रदीप (36 वर्ष) पुत्र सुदेश निवासी बडेट पट्टी, लंगूर पाल्लापुर, पौड़ी गढ़वाल के रूप में की। यह युवक स्थानीय फैक्ट्री में काम करता था। उसके बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को इसकी सूचना दी। साथ ही पंचनामा भर शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल रुड़की भिजवाया। नाले में फैक्ट्रीकर्मी का शव कैसे आया पुलिस इसकी पड़ताल में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद युवक की मौत के कारण का पता चल पाएगा।