गाली-गलौज का विरोध करने पर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। संघर्ष में पांच लोगों को चोट लगी है। गंभीर घायल दो लोग एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाकर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है। घायलों को पुलिस ने सिविल अस्पताल भेजा है।
रुड़की कोतवाली क्षेत्र के सती मोहल्ला निवासी मोहम्मद जाहिद और जमीर पक्ष में गाली-गलौज का विरोध करने को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। एक पक्ष का आरोप है कि उनकी बहन के साथ गाली-गलौज की गई थी। इसके बाद उन्होंने इसका विरोध किया था। इसी बात को लेकर दूसरे पक्ष ने उनके ऊपर हमला कर दिया।
वहीं दूसरे पक्ष का आरोप है कि एक पक्ष खाईबाड़ी का काम करता है और इसी से रंजिश रखते हुए उन्होंने पीटकर घायल किया है। दोनों पक्षों में मारपीट होने पर जहीर, साजिद, राशिद समेत पांच लोग घायल हो गए। शोर होने पर आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। किसी तरह दोनों पक्षों को शांत कराया गया। इसके बाद दोनों पक्ष लहूलुहान होकर कोतवाली पहुंचे।
पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा है। इंस्पेक्टर मणि भूषण श्रीवास्तव ने बताया कि मारपीट में मोहम्मद जाहिद और जमीर को ज्यादा चोट लगी है। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। दोनों पक्षों को शांति व्यवस्था बनाए रखने की हिदायत दी गई है। पुलिस को मौके पर भेजकर मामले की पड़ताल कराई जा रही है।