भोगपुर गांव में आबादी के पास चल रहे एक गन्ना कोल्हू से निकलने वाला काला धुआं आसपास के घरों में घुस रहा है। इससे ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कोल्हू स्वामी को कई बार चिमनी की ऊंचाई बढ़ाने के लिए कहा गया लेकिन समस्या का समाधान अब तक नहीं हो सका है। परेशान ग्रामीणों ने एसडीएम हरिद्वार से शिकायत कर धुएं से निजात दिलाने की मांग की है।
भोगपुर गांव के ग्रामीण विजेंद्र कुमार, शीशपाल, सुभाष, मुलायम सिंह, मदन सिंह, विजय कुमार, भूषण, नरेंद्र सिंह, बाबूराम आदि ने बताया कि आबादी के अत्यधिक निकट कोल्हू लगने से निकलने वाला काला धुआं घरों में फैल रहा है। इससे सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि कोल्हू की चिमनी कम ऊंचाई पर होने के कारण धुआं ऊपर उठने के बजाय आसपास ही फैल जाता है। कई बार कोल्हू स्वामी को चिमनी ऊंची करने की सलाह दी गई लेकिन उसने कोई कदम नहीं उठाया। ग्रामीणों की शिकायत पर एसडीएम हरिद्वार जितेंद्र कुमार ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया है।