भारतीय किसान यूनियन टिकैत की ओर से हरिद्वार में 16 से 18 जून तक तीन दिवसीय किसान महाकुंभ एवं राष्ट्रीय अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। वीआईपी घाट स्थित लाल कोठी परिसर में होने वाले इस महाआयोजन में देश भर से किसान प्रतिनिधि जुटेंगे और आगामी आंदोलन की रूपरेखा तैयार करेंगे।
भाकियू जिलाध्यक्ष विजय शास्त्री ने बताया कि इस राष्ट्रीय अधिवेशन में किसानों से जुड़े मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। कहा कि किसानों पर थोपे जा रहे स्मार्ट मीटर सिस्टम को पूरी तरह बंद किया जाए। गन्ने के लाभकारी मूल्य में तत्काल बढ़ोतरी की जाए। उत्तराखंड के किसानों को मुफ्त बिजली सुविधा दी जाए और डीजल 50 प्रति लीटर की दर से उपलब्ध कराया जाए।
देशभर के किसानों का संपूर्ण कर्जा माफ करने की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए भाकियू कार्यकर्ता लगातार जनपद में जनसंपर्क कर रहे हैं। विजय शास्त्री ने बताया कि अधिवेशन के दौरान संगठन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सभी जनपदों के कार्यों की समीक्षा करेगी। महाकुंभ की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए कार्यकर्ताओं की बैठकें और जनसंपर्क अभियान तेज कर दिया गया है। इस दौरान सुक्रमपाल सिंह, वेदपाल कुमार, प्रदीप कुमार, सावन पाल, शिवम चौधरी, नीलू, वेदपाल फौजी, संजीव सैनी, सतीश कुमार, विवेक लोहान, रजत और रमेश कुमार आदि मौजूद रहे।