कोल्हू चलाने पर लगी रोक हटाने की उठाई मांग
किसानों ने कहा-समय पर कटाई नहीं हुई तो अगली फसल की बुवाई होगी प्रभावित
रुड़की। किसानों की विभिन्न समस्याओं और फसल कटाई में आ रही दिक्कतों के संबंध में शनिवार को भारतीय किसान यूनियन टोडा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन टोडा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेठ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने किसानों की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके जल्द निस्तारण की मांग उठाई। इस दौरान किसानों की ओर से ज्ञापन भी सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सरकार की ओर से 15 अक्तूबर तक गन्ना कोल्हू चलाने पर रोक लगाने का निर्णय किसानों के हित में नहीं है। किसान नेताओं का कहना है कि खेतों में फसल खड़ी है और समय पर कटाई नहीं हो पा रही है। इससे अगली फसल की बुवाई प्रभावित होने के साथ ही खेत में खड़ी फसल खराब होने का खतरा भी बना हुआ है। भाकियू टोडा ने प्रशासन से मांग की कि किसानों की स्थिति को देखते हुए कोल्हू चलाने के आदेश जारी किए जाएं ताकि फसल की कटाई समय से पूरी हो सके और किसानों को उनकी उपज का उचित दाम मिल सके। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि छोटे और आम किसान अपनी फसल की कटाई के लिए मशीनों पर निर्भर है। ऐसे में रोक से उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई कि यदि किसानों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान यूनियन टोडा आंदोलन करने को मजबूर होगी, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश अध्यक्ष नाजिम अली, जिलाध्यक्ष मुबारिक अली, इकबाल प्रधान, प्रवेज प्रधान, शेर अली, राजवीर चेयरमैन, सैय्याद अली, विजेंद्र शर्मा, मनोज पाल, रवि कुमार, मुरसलीन समेत बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।