रायसी में धरने पर बैठे भाकियू टिकैत के कार्यकर्ता ( संवाद )
स्मार्ट विद्युत मीटर पर रोक लगाए जाने और विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निवारण के लिए भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के कार्यकर्ताओं ने रायसी बिजलीघर पर प्रदर्शन किया। किसान यहां धरने पर बैठ गए। बाद में एसडीओ ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के तहसील अध्यक्ष सुनील कुमार के नेतृत्व में संगठन के पदाधिकारी व कार्यकर्ता एकत्रित होकर रायसी बिजलीघर पहुंचे और यहां धरने पर बैठ गए। सुनील कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं के विरोध के बावजूद विभाग जबरन उनके घरों में स्मार्ट मीटर लगा रहा है। किसानों को ट्यूबवेल पर विद्युत आपूर्ति बाधित होने या कोई खराबी आने पर इसे ठीक कराने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था भी सही नहीं है। शिकायत करने पर भी उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। ऐसे में उन्हें आंदोलन के लिए विवश होना पड़ रहा है। इस बीच एसडीओ विवेक गुप्ता ने किसानों से वार्ता कर उनकी समस्याओं के निस्तारण का आश्वासन दिया। किसानों ने विभाग के अधिशासी अभियंता को संबोधित ज्ञापन उन्हें सौंपा। इस दौरान जिला महासचिव संजीव कुमार, सचिन अनुज सैनी, योगेंद्र कुमार, विनोद कुमार, ज्ञान सिंह, अनुज कुमार, रविंद्र सिंह, बिरेंद्र सिंह, शुभम आदि मौजूद रहे।