रुड़की। नारसन ब्लॉक परिसर में आयोजित सामाजिक आधिकारिता शिविर में एपिड योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों के लिए निशुल्क सहायक उपकरण वितरित किए गए।
बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक और राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी ने उपकरण वितरित किए। इस दौरान सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि उनका संकल्प है कि जनपद में कोई भी दिव्यांग सरकारी योजना से वंचित न रहे। भाजपा केवल वोट के लिए नहीं बल्कि आम जनता के लाभ के लिए काम करती है। कहा कि जल्द ही नारसन ब्लॉक में एक समीक्षा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में 45 लाख रुपये की लागत से 218 दिव्यांगों को विभिन्न उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं।
इस दौरान सांसद निशंक व राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने सात ग्राम सभा में उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम की ओर से बनाए गए पंपिंग जल योजना का भी लोकार्पण किया। साथ ही बेघर महिलाओं को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पक्के आवास की चाभी भी सौंपी। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख कोमल देवी, उपप्रमुख विक्रांत राठी, कनिष्ठ प्रमुख डोली, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कविंद्र चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, जिलाध्यक्ष शोभाराम प्रजापति, कृषि उत्पादन मंडी समिति अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, लिब्बरहेड़ी गन्ना विकास समिति अध्यक्ष प्रतिनिधि सुशील राठी, अनीस अहमद, कुलदीप चौधरी, रुड़की ब्लॉक प्रमुख राव लुबना आदि मौजूद रहे।