लक्सर कोतवाली के खेड़ी मुबारिकपुर गांव निवासी सुमित के अनुसार, 28 मई को वह शेखपुरी गांव में प्रोविजन स्टोर पर सामान खरीदने आया था। इस दौरान किसी ने उसकी बाइक चोरी कर ली थी। सुमित की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। पुलिस बाइक की तलाश कर रही थी। इस बीच पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के हापुड़ जनपद के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में लूट की वारदात को अंजाम देने के आरोपी दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। बदमाशों के पास बाइक बरामद की गई थी। यूपी पुलिस की छानबीन में बरामद हुई बाइकों में एक बाइक सुमित की निकली। यूपी पुलिस से मिली जानकारी के बाद बाजार चौकी प्रभारी विपिन कुमार ने हापुड़ पहुंचकर पुलिस से जानकारी ली। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस बाइक को लक्सर ले आई है। पुलिस अब हापुड़ पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी बदमाशों को बी वारंट पर लक्सर लाने की तैयारी कर रही है।