हंगामे के बीच पुलिस और ग्रामीणों में हुई नोकझोंक, सालियर में दोपहर दो बजे हादसा, चार बजे खुला जाम
ट्रक चालक पर कार्रवाई की मांग पर अड़े, ट्रक चालक मौके से फरार
ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजन और ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए हाईवे पर जाम लगा दिया। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन चालक की गिरफ्तारी पर अड़ गए। इसे लेकर पुलिस से नोकझोंक हो गई। बाद में पुलिस ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर करीब दो घंटे बाद जाम खुल पाया।
भगवानपुर क्षेत्र के गांव किशनपुर निवासी यशपाल (58) ने गांव में ही परचून की दुकान कर रखी है। शुक्रवार सुबह वह बाइक से किसी काम से रुड़की आए थे। दोपहर करीब दो बजे काम निपटाने के बाद वह घर वापस जा रहे थे। जैसे ही वह सालियर गांव पहुंचे तो सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके पर ही ट्रक छोड़कर फरार हो गया। हादसा होता देख मौके पर ग्रामीणों को भीड़ लग गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को एंबुलेंस में रखने का प्रयास किया। इस पर परिजन और ग्रामीणों ने शव नहीं उठने दिया और हंगामा करते हुए शव हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस ने समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन चालक की गिरफ्तारी न होने तक शव का पोस्टमार्टम न करने की जिद पर अड़ गए। पुलिस ने सख्ती की तो नोकझोंक हो गई।
पुलिस ने परिजनों को जल्द ही चालक की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस पर करीब दो घंटे बाद करीब चार बजे जाम खुल पाया। जाम खुलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया और हाईवे पर यातायात शुरू कराया। कोतवाली प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चालक के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है। साथ ही ट्रक नंबर के आधार पर चालक की पहचान कराई जा रही है।
भगवानपुर-धनौरी से निकाले वाहन
सालियर में जाम लगाने की सूचना पर पुलिस ने हरिद्वार जाने वाले सभी वाहनों को भगवानपुर बाईपास से धनौरी होते हुए भेजा। साथ ही हरिद्वार से आने वाले वाहनों को भी इसी बाईपास से निकाला गया। वहीं, हाईवे पर जाम लगने से भगवानपुर और रुड़की तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने जाम खुलने के बाद भी कड़ी मशक्कत से वाहनों को साइड में करके यातायात शुरू कराया।