परचून की दुकान चलाने वाले एक युवक ने पास के ही एक बाइक मिस्त्री पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में एम्स में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को तहरीर दी है।
लंढौरा क्षेत्र के गांव भगवानपुर चंदनपुर निवासी आलम की लंढौरा बस अड्डे पर बाइक मिस्त्री की दुकान है। उनके पड़ोस में ही मुजफ्फरनगर निवासी एक व्यक्ति की परचून की दुकान है। वह परिवार के साथ दुकान के पास ही किराये पर कमरा लेकर रहता है। बताया जा रहा है कि आलम सोमवार सुबह बाइक से दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि इस बीच पड़ोसी दुकानदार और उसके परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और आलम पर हमला कर दिया।
हमले में आलम गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर गया। आसपास के लोगों को आता देख हमलावर फरार हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजनों ने आलम को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए एम्स ऋषिकेश के लिए रेफर कर दिया है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा।