रुड़की। आधार कार्ड समेत चार दस्तावेज नहीं दिए गए तो आगे से राशन भी भूल जाइए। खाद्य आपूर्ति अधिकारियों ने राशन डीलरों को निर्देश जारी कर दिए हैं कि इसी माह वह उपभोक्ताओं से दस्तावेज एकत्रित कर जमा करवा दें।
आने वाले समय में राशन पर दी जाने वाली सब्सिडी को सीधे गैस सब्सिडी की तर्ज पर उपभोक्ताओं के खातों में भेजने के लिए आधार कार्ड समेत चार दस्तावेज पिछले कई महीनों से जुटाए जा रहे हैं। लेकिन अभी तक आधे उपभोक्ताओं ने भी दस्तावेज नहीं दिए हैं। इसी को देखते हुए अब खाद्य आपूर्ति अधिकारियों ने आधार कार्ड, बैंक खाता नंबर, पहचान पत्र और राशन कार्ड की फोटो कापी देने के सख्त निर्देश राशन डीलरों को दे दिए गए हैं। रुड़की के क्षेत्रीय खाद्य आपूर्ति अधिकारी एमएस रावत और भगवानपुर के क्षेत्रीय आपूर्ति अधिकारी टीएन शर्मा की ओर से दिए गए निर्देशों में कहा गया है कि अगस्त माह में जिन उपभोक्ताओं के यह दस्तावेज नहीं आएंगे उन्हें किसी भी हालत में राशन नहीं दिया जाएगा।