बरातघर में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाए जाने की सूचना मिलते ही कस्बे के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने बरातघर में पुलिस चौकी खोले जाने का जमकर विरोध किया। साथ ही जिलाधिकारी को प्रार्थनापत्र देकर रिपोर्टिंग पुलिस चौकी पर रोक लगाने की मांग की है।
मंगलवार को आजम भारती के नेतृत्व में वरिस, साहिल मलिक, इकबाल अली, मेहरबान, साकिर मलिक, शौकीन, शाहनवाज, राशिद, शहीद ने मंगलवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की। साथ ही प्रार्थनापत्र देकर बताया कि कस्बे में एक बरातघर है। इसमें सुल्तानपुर पुलिस रिपोर्टिंग पुलिस चौकी बनाने की तैयारी कर रही है। बरातघर में मोहल्ले के गरीब-मजदूर लोग अपने बच्चों का विवाह करते हैं।
पैसे वाले लोग तो बाहर जाकर भी अपने बच्चों के विवाह आदि कार्यक्रम कर सकते हैं लेकिन गरीब व्यक्ति केवल मोहल्ले में बने इस बरातघर पर ही निर्भर हैं। अगर बरातघर में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी खोली गई तो वह अपने बच्चों की विवाह आदि कार्यक्रम नहीं कर पाएंगे। उधर, जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में पुलिस अधिकारियों से वार्ता करके समस्या हल की जाएगी। वहीं, इससे पहले सोमवार रात मामले की जानकारी होते ही सैकड़ों लोग बरातघर के पास जमा हो गए और चौकी खोले जाने का विरोध किया। किसी भी सूरत में बरातघर में रिपोर्टिंग पुलिस चौकी नहीं बनने देंगे।