रुड़की। नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले वार्ड नंबर 22 के लोगों ने जलभराव की समस्या को लेकर जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों ने आरोप लगाया कि न तो क्षेत्र की समस्याओं पर कोई ध्यान दिया जा रहा है और न ही यहां पर कोई समस्याओं को सुनने वाला अधिकारी या जनप्रतिनिधि है।
मंगलवार को नगर निगम वार्ड नंबर-22 के राजेंद्र नगर गली नंबर 11 के लोगों ने स्थानीय पार्षद और स्थानीय विधायक के साथ ही अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। क्षेत्र के लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में पानी निकासी की समस्या बनी हुई है। इससे राहगीरों का आना जाना मुश्किल हो गया है। उन्होंने वार्ड पार्षद को कई बार इस समस्या से अवगत कराया है। बावजूद इसके पार्षद जलभराव की समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रही हैं। यहां तक कि क्षेत्रीय विधायक फुरकान अहमद भी इस समस्या पर कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका वार्ड क्षेत्र कलियर विधानसभा क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इसके अलावा उनके क्षेत्र में बिजली तक नहीं लगाई गई। ऐसे में पानी भरे होने के चलते लोगों को सड़क पर चलने में दिक्कत होती है। आरोप है कि क्षेत्र का इंजीनियरों ने सर्वे तो कर लिया है, लेकिन इससे आगे एक कदम नहीं बढ़ाया गया है। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर क्षेत्र के लोग एक दिन पहले ज्वाइंट मजिस्ट्रेट को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन वहां भी उन्हें आश्वासन ही मिला है। इस मामले में पार्षद प्रतिनिधि संजय कश्यप का कहना है कि वार्ड में जल निकासी के निदान के लिए सीवर लाइन डाले जाने का काम किया जा रहा है। काम जल्द ही पूरा कर जनता की समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। प्रदर्शन करने वालों में बृजेश शर्मा, रेनू नेगी, ऊषा सैनी, पुष्पा कौर, कमला, आशा धस्माना, निर्मला कौर, सुनीता सैनी, रेखा, मिथिलेश धीमान, शिवानी त्यागी, रेणु कौर, राजबाला गुप्ता, दीपक पंत, सोनम कौर, शिवानी शर्मा, सुषमा शर्मा, गीता शर्मा, राधा त्यागी और मीनू धीमान आदि मौजूद रहे।