जोगावाला गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर कुछ लोगों पर घात लगाकर उसे घेरकर गाली-गलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने तीन नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खानपुर थाना क्षेत्र के जोगावाला गांव निवासी तौसीफ पुत्र शमशेर ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह 26 मई को समय शाम लगभग साढ़े छह बजे अपनी मोटर साइकिल से ग्राम दल्लावाला संदीप सैनी की दुकान से चाऊमीन बनाने का सामान लेकर अपने गांव जोग्गावाला जाने के लिए निकला था। आरोप है कि लगभग 200 मीटर चलने के बाद रास्ते में घात लगाए बैठे सचिन निवासी दल्लावाला, अमन निवासी नाईवाला, गुलाब निवासी दल्लावाला व एक अन्य ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज कर मारपीट कर दी। आरोप लगाया कि उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। बाद में गांव के ई-रिक्शा चालक किसी तरह लिटाकर घर ले गए। परिजनों ने उसे लक्सर के अस्पताल में भर्ती कराया। खानपुर थाना प्रभारी गोविंद कुमार ने बताया कि मामले में तीनों नामजद व एक अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।