लंढौरा स्थित उत्तराखंड परिवहन विभाग के स्वचालित परीक्षण स्टेशन पर वाहनों की फिटनेस के नाम पर दलालों के जरिए पांच हजार रुपये तक की अवैध वसूली किए जाने का आरोप लगाया गया है। लंढौरा में करीब छह महीने पहले विभाग का स्वचालित परीक्षण स्टेशन खोला गया था। यहां से वाहनों को फिटनेस सर्टिफिकेट जारी किए जाते हैं लेकिन वाहन स्वामी लगातार अवैध वसूली कर सर्टिफिकेट किए जाने के आरोप लगा रहे हैं। इस संबंध में अधिकारियों से भी शिकायत की जा रही है। गुलफाम, बहरोज व सोनू आदि ने शिकायत कर बताया कि अधिकारियों को रकम देने के नाम पर सर्टिफिकेट देने से पहले पैसों को मांग की जा रही है। वहीं एआरटीओ एल्विन रॉक्सी का कहना है कि जांच की जा रही है कि किस तरह के लोग अवैध वसूली कर रहे हैं। मामले में कार्रवाई की जाएगी।