दिल्ली के मालवीय नगर स्थित होटल में हुई भीषण अग्निकांड की घटना के बाद अग्निशमन विभाग ने सुरक्षा मानकों को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। विभाग की ओर से पिछले एक सप्ताह के दौरान व्यावसायिक प्रतिष्ठान परिसरों में विशेष निरीक्षण अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में फायर सेफ्टी मानकों की अनदेखी मिली।
चार जून से जारी अभियान के दौरान आठ व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं मिलीं जिसके कारण उन्हें नोटिस जारी किए गए हैं। जांच में कई स्थानों पर एक्सपायर गैस सिलिंडर, आपातकालीन निकास मार्गों की कमी, फायर फाइटिंग उपकरणों के खराब होने जैसी खामियां सामने आईं।
विभाग ने संबंधित प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय के भीतर कमियों को दूर करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण की साप्ताहिक रिपोर्ट तैयार कर मुख्य अग्निशमन अधिकारी को भेज दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
फायर स्टेशन इंचार्ज (रुड़की) वंश नारायण यादव ने बताया कि दिल्ली में हुए दर्दनाक होटल अग्निकांड के बाद रुड़की में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया है। आठ प्रतिष्ठानों में सुरक्षा संबंधी कमियां मिलने पर नोटिस जारी किए गए हैं। सभी होटल, रेस्टोरेंट, अस्पताल और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को फायर सेफ्टी मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में जनहानि से बचा जा सके।