शहर की एक कालोनी में नाबालिग किशोरी की शादी कराने की सूचना पर गंगनहर पुलिस मौके पर दौड़ पड़ी। परिवार के साथ-साथ पंडित जी को भी कोतवाली लाया गया। पूछताछ में परिवार ने दावा किया कि उनके घर में सिर्फ पूजा पाठ कराई जा रही थी। तहरीर देने की बारी आने पर सूचना देने वाले पड़ोसी ने भी भूल से गलत समझने की बात कुबूल की। इसके बावजूद मामले की तह तक जाने के लिए पुलिस छानबीन कर रही है।
पुलिस कंट्रोल रूम पर बृहस्पतिवार की दोपहर एक कालोनी में नाबालिग किशोरी की शादी कराने की सूचना मिली। सूचना देने वालों ने ये भी बताया कि उन्होंने किशोरी के रोने और चिल्लाने की आवाज सुनकर ही पुलिस को सूचना दी है। इस पर गंगनहर कोतवाली पुलिस कालोनी में पहुंची और परिवार के कुछ सदस्यों और पंडित जी को कोतवाली ले आई। सूचना देने वाले आसपास के लोगों को भी बुला लिया गया। परिवार ने दावा किया कि वह अपने घर में हवन, पूजन करा रहे थे। नाबालिग की शादी की बात बेबुनियाद है। आरोप प्रत्यारोप के बाद पुलिस ने सूचना देने वाले पड़ोसी से लिखित तहरीर मांगी तो उन्होंने कानूनी पचड़े में फंसने से इनकार कर दिया।
इतना ही नहीं उन्होंने भूलवश जानकारी देने की बात पुलिस को लिखित तौर पर कही। इसके बाद पुलिस ने परिवार को कोतवाली से जाने दिया, मगर एसएसआई अमर चंद्र शर्मा की ओर से जांच कराई जा रही है। कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि फिलहाल मामला पूजा पाठ का निकल कर सामने आ रहा है, इसके बावजूद जांच कराई जा रही है।