ऑल सर्विसेज क्रिकेट कप के खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में एडवोकेट रुड़की ने एलआईयू रुड़की को हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में आईआईटी रुड़की ने पंचायत राज की टीम को पराजित कर फाइनल में अपना स्थान मजबूत किया।
कार्यक्रम संचालक हरेंद्र आर्य ने बताया कि ऑल सर्विसेज क्रिकेट कप में कुल 12 विभागों की टीमों ने हिस्सा लिया। टूर्नामेंट का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा और होटल सचिन इंटरनेशनल की चेयरपर्सन पूजा गुप्ता ने किया। एक महीने तक चले इस टूर्नामेंट के मैच केवल शनिवार और रविवार को आयोजित किए गए। सेमीफाइनल में पंचायत राज, एडवोकेट रुड़की, एलआईयू रुड़की और आईआईटी रुड़की की टीमें पहुंची थीं।
इन टीमों के बीच हुए मुकाबलों में एडवोकेट रुड़की और आईआईटी रुड़की ने जीत हासिल कर फाइनल में कब्जा किया। बताया कि फाइनल मुकाबला रविवार यानी आज एलबीएस स्टेडियम, आईआईटी रुड़की में शाम चार बजे से डे-नाइट मैच के रूप में खेला जाएगा। टूर्नामेंट के आयोजन में मनोज शर्मा, अजय सकलानी, सचिन शर्मा, बैजराम, सौरभ, अंकित, विवेक मांगलिक, जितेंद्र, सुमित और चौधरी अवतार सिंह सहित अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।